अपना उत्तराखंड

Roorkee: डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद द्वारा किया गया जनपद में विद्यालय भ्रमण की श्रृंखला का शुभारंभ

Spread the love

रुड़की। निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की जमीनी हकीकत को परखने तथा प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं बालवाटिकाओं में न्यूनतम अधिगम स्तर के अनुश्रवण हेतु डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद द्वारा जनपद में विद्यालय भ्रमण की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। इस क्रम में आज विकासखंड लक्सर क्षेत्र से अनुश्रवण प्रारंभ किया गया।

डायट प्राचार्य मेराज अहमद ने विकासखंड लक्सर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय निहन्दपुर सुठारी,लक्सर ब्लॉक संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र, तथा जनता इंटर कॉलेज सुल्तानपुर आदमपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी विद्यालयों में शिक्षक–शिक्षिकाएं उपस्थित पाई गईं। कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति, अनुशासन, साफ-सुथरी वेशभूषा तथा शैक्षिक वातावरण संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण के दौरान मेराज अहमद ने स्वयं कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया, उनकी पठन–पाठन क्षमता, भाषा व गणितीय समझ, तथा जीवनोपयोगी कौशलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को नैतिक शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर सरल एवं प्रेरक शब्दों में संबोधित किया।

बच्चों से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए उन्होंने कहा—“सीखना केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित नहीं है, बल्कि समझ, जिज्ञासा और आत्मविश्वास का विकास ही सच्ची शिक्षा है। निपुण भारत का लक्ष्य हर बच्चे को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।” आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

जनता इंटर कॉलेज सुल्तानपुर आदमपुर,लक्सर में भी शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।निरीक्षण उपरांत डायट प्राचार्य ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि निपुण भारत मिशन केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि शिक्षक की सतत प्रतिबद्धता और नवाचार की यात्रा है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा—“शिक्षक कक्षा का निर्माता होता है।

यदि कक्षा जीवंत है, तो भविष्य स्वतः उज्ज्वल होगा। हर बच्चे की क्षमता पहचानकर उसे आगे बढ़ाना ही हमारी असली सफलता है।” डायट प्राचार्य मेराज अहमद ने बताया कि यह अनुश्रवण अभियान जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा।

Manoj kumar

Editor-in-chief

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!